अवैध मिट्टी खनन और ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का संचालन बना दुर्घटना का कारण…..
आजमगढ़। महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र के यूसुफपुर (रूपयनपुर) गांव में रविवार सुबह करीब 11 बजे मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जानकारी के अनुसार, आदित्य निषाद अपने घर के सामने सड़क किनारे साइकिल चला रहा था। इसी दौरान मिट्टी लादकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे कुचल दिया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। बेटे का शव देखकर मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से मिट्टी खनन और ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का संचालन हो रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि गांव के रास्तों से तेज रफ्तार में वाहन चलाए जाते हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
परिजनों का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा गांव से मिट्टी खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से उसका कारोबार किया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन रूपयनपुर निवासी योगेंद्र यादव का बताया जा रहा है, जिसे उनका पुत्र चला रहा था। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि वाहन पर पंजीकरण संख्या अंकित नहीं थी, बताया गया कि मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता का निधन तीन वर्ष पूर्व हो चुका है और परिवार का पालन-पोषण उसकी मां ही कर रही है। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतक की मां की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजनों ने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा आर्थिक सहायता की मांग की है।





