25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ में घायल, जिला अस्पताल रीफर…..
आजमगढ़, 25 जून। फूलपुर थाना पुलिस ने महिला लूट और छिनैती की सनसनीखेज घटनाओं का खुलासा करते हुए 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। उनके कब्जे से लूट का माल, अवैध असलहे, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त केटीएम मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 17 जून को फूलपुर-दुर्वाषा मार्ग पर ऑटो रिक्शा से जा रही एक महिला से असलहे के बल पर पर्स लूट लिया गया था। पर्स में मोबाइल फोन, मंगलसूत्र, सोने की झुमकी, चांदी की पायल, नकदी और अन्य सामान रखा था। इसी गिरोह ने 14 जून को सरायमीर क्षेत्र में भी एक महिला का पर्स छीन लिया था। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश कर रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली कि दोनों बदमाश बिना नंबर प्लेट की केटीएम बाइक से मुड़ियार ईदगाह के पास मौजूद हैं। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पुलिस वाहन की हेडलाइट क्षतिग्रस्त हो गई। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान समीर (21) निवासी सहजेरपुर और शिव कुमार राजभर उर्फ लाला (23) निवासी चकबहार, थाना फूलपुर के रूप में हुई है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक जोड़ी चांदी की पायल, 1577 रुपये नकद तथा केटीएम-250 मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में दोनों ने फूलपुर और सरायमीर की घटनाओं के अलावा माहुल, पवई समेत अन्य क्षेत्रों में भी मोबाइल छिनैती की वारदातें स्वीकार की हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

दोनों घटनाओं के अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से लगातार प्रयास किये जा रहे थे। विवेचना के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि दोनों घटनाओं को एक ही गिरोह द्वारा अंजाम दिया गया है, जिसके बाद पुलिस टीम बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। अभियुक्तों के विरुद्ध वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय आजमगढ़ द्वारा 25-25 हजार रूपये का इनाम घोषित किया गया था।
*गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम-*
1. प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह, थाना फूलपुर, जनपद-आजमगढ़ । 2. व0उ0नि0 विजय सिंह गौड़ , थाना फूलपुर, जनपद-आजमगढ़ । 3. उ0नि0 अजीज खान, थाना फूलपुर, जनपद-आजमगढ़ । 4. उ0नि0 राजेन्द्र कुमार, थाना फूलपुर, जनपद-आजमगढ़ । 5. हे0का0 सत्येन्द्र सिंह, थाना फूलपुर, जनपद-आजमगढ़ । 6. का0 जितेन्द्र कुमार यादव, थाना फूलपुर, जनपद-आजमगढ़ । 7. का0 शुभम सिंह, थाना फूलपुर, जनपद-आजमगढ़ । 8. का0 रोहित शर्मा, थाना फूलपुर, जनपद-आजमगढ़ । 9. का0 विनोद कुमार यादव, थाना फूलपुर, जनपद-आजमगढ़ । 10. का0 हरिकिशन मौर्य, थाना फूलपुर, जनपद-आजमगढ़ । 11. का0 निलेश कुमार सिंह, थाना फूलपुर, जनपद-आजमगढ़ । 12. का0 विशाल गौड़, थाना फूलपुर, जनपद-आजमगढ़ । 13. रिक्रूट आरक्षी अभिषेक सिंह, थाना फूलपुर, जनपद-आजमगढ़ । 14. म0का0 अंजू सिंह, थाना फूलपुर, जनपद-आजमगढ़ । 15. रि0म0का0 खुशबू यादव, थाना फूलपुर, जनपद-आजमगढ़ ।





