विश्वविद्यालय द्वारा 15 से 21 जून तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन…
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ एवं 99 यूपी बटालियन एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में “योगा विद एनसीसी कैडेट्स” कार्यशाला का आयोजन शिबली नेशनल पीजी कॉलेज, आजमगढ़ में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने की, जबकि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अफसर अली की देखरेख में कार्यशाला संपन्न हुई। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के योग प्रभारी प्रो. प्रशांत राय, योग प्रशिक्षक डॉ. पंकज सिंह तथा ग्राम पंचायत धरवारा के प्रधान रामधनी सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने योगाभ्यास कर समाज को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। यह आयोजन 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के तहत चल रहे योग जागरूकता अभियान की श्रृंखला का हिस्सा था। विश्वविद्यालय द्वारा 15 से 21 जून तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की प्रभावी पद्धति है। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि सर्वाइकल दर्द की समस्या में दवाओं की अपेक्षा नियमित योग एवं व्यायाम अधिक लाभकारी सिद्ध हुए। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
कुलपति ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक संतुलन भी बना रहता है। उन्होंने युवाओं को मोबाइल और सोशल मीडिया का सीमित एवं सार्थक उपयोग करने तथा भ्रामक और दिग्भ्रमित करने वाली प्रवृत्तियों से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष रूप से बुजुर्गों एवं महिलाओं के लिए “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम चला रहा है।
योग प्रभारी प्रो. प्रशांत राय ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक चुनौतियां बढ़ रही हैं। ऐसी परिस्थितियों में योग ही वह माध्यम है जो व्यक्ति को निरोग, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स को विभिन्न योग क्रियाओं एवं उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य प्रो. अफसर अली ने विश्वविद्यालय प्रशासन एवं कुलपति प्रो. संजीव कुमार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिबली कॉलेज को योग प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चुना जाना गौरव की बात है। उन्होंने योग प्रभारी प्रो. प्रशांत राय, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. प्रवेश सिंह, डॉ. जयप्रकाश तथा महाविद्यालय के सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। प्राचार्य ने भीषण गर्मी के बावजूद उत्साहपूर्वक योग शिविर में भाग लेने वाले 99 यूपी बटालियन के एनसीसी कैडेट्स की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने प्रतिकूल परिस्थितियों में भी अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया है। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।





