एग्रीकल्चर टेक्निकल असिस्टेंट परीक्षा में क्षेत्र के दो युवाओं ने लहराया परचम, खुशी की लहर

SHARE:

रुचि यादव ने पहले ही प्रयास में सफल, प्रदीप कुमार यादव का भी प्राविधिक सहायक पद पर चयन….

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित एग्रीकल्चर टेक्निकल असिस्टेंट (प्राविधिक सहायक) भर्ती परीक्षा के घोषित परिणाम में क्षेत्र के दो प्रतिभाशाली युवाओं ने सफलता प्राप्त कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है तथा शुभचिंतकों द्वारा लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।

फूलपुर तहसील क्षेत्र के आधीपुर गांव निवासी कुमारी रुचि यादव ने पहले ही प्रयास में एग्रीकल्चर टेक्निकल असिस्टेंट परीक्षा उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। रुचि, कैलाश प्रसाद यादव की पुत्री हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा मथुरा इंटर कॉलेज, नाहरपुर से हुई। इसके बाद उन्होंने टीडी कॉलेज, जौनपुर से बीएससी (कृषि) तथा बीटीसी की शिक्षा प्राप्त की। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए वह जौनपुर में रहकर निरंतर अध्ययन कर रही थीं। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माता-पिता, गुरुजनों, परिवार के सहयोग तथा कड़ी मेहनत को दिया है।

वहीं अंबारी निवासी प्रदीप कुमार यादव का भी प्राविधिक सहायक पद पर चयन हुआ है। प्रदीप भारत मेडिकल स्टोर, अंबारी के निवासी हैं। उनके पिता कैलाश नाथ यादव एवं माता अनिता देवी हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती विद्या मंदिर, अंबारी से हुई। इसके बाद उन्होंने यूपी कॉलेज, वाराणसी से इंटरमीडिएट (कृषि) तथा टीडी कॉलेज, जौनपुर से बीएससी (कृषि) की शिक्षा प्राप्त की। वर्तमान में वह पीसीएस मुख्य परीक्षा की तैयारी भी कर रहे हैं।

परिजनों के अनुसार दोनों अभ्यर्थी शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रहे हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में निरंतर जुटे रहे। उनकी इस सफलता से क्षेत्र के युवाओं को भी प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

रुचि यादव और प्रदीप कुमार यादव की उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों, शिक्षकों, ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद दोनों परिवारों में उत्सव जैसा माहौल है तथा पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व की भावना व्याप्त है।

Samaachaar
Author: Samaachaar

Leave a Comment