आजमगढ़ में एटीएस द्वारा की गई कार्रवाई के हवाले से बीजेपी सरकार के मंत्री का सपा पर हमला…..
अतरौलिया (आजमगढ़)। उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री एवं ओम प्रकाश राजभर ने मंगलवार को अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने हाल ही में आजमगढ़ में एटीएस द्वारा की गई कार्रवाई की सराहना करते हुए सवाल उठाया कि समाजवादी पार्टी के गढ़ कहे जाने वाले क्षेत्रों से ही बार-बार आतंकी क्यों पकड़े जाते हैं।
राजभर ने कहा कि एटीएस की कार्रवाई देश और समाज के हित में है। उन्होंने कहा कि “हम एटीएस टीम को बधाई देते हैं। उन्होंने देशहित में सराहनीय कार्य किया है।” साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि “दुख इस बात का है कि सपा के गढ़ में ही आतंकवादी पकड़े जा रहे हैं। इससे यह सवाल उठता है कि उन्हें संरक्षण कौन दे रहा था।”
उन्होंने कहा कि जब भी आजमगढ़ का नाम आता है तो समाजवादी पार्टी के नेता इसे अपना गढ़ बताते हैं, लेकिन यदि उसी क्षेत्र में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोग सक्रिय पाए जा रहे हैं, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। राजभर ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति लंबे समय तक किसी क्षेत्र में रहकर संदिग्ध गतिविधियां संचालित कर रहा था, तो उसकी जानकारी स्थानीय स्तर पर क्यों नहीं हुई।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने हाल ही में आजमगढ़ जिले में कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। एटीएस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान से संचालित एक आतंकी नेटवर्क के संपर्क में था तथा सोशल मीडिया के माध्यम से कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार-प्रसार करने और युवाओं को भड़काने का प्रयास कर रहा था।
जांच एजेंसी के अनुसार गिरफ्तार युवक मोहम्मद शेख पुत्र रेहान अहमद, थाना निजामाबाद क्षेत्र के खुदादादपुर (संजरपुर) गांव का निवासी है। इलेक्ट्रॉनिक एवं भौतिक निगरानी के आधार पर एटीएस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





