मंदिर परिसर के नगर पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जा कर मांस बना व खा रहे थे लोग……
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित अखाड़ा के प्रसिद्ध भगवती देवी स्थान पर अवैध रूप से डेरा डालकर रह रहे लोगों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच की और वहां रह रहे लोगों को हटाकर चेतावनी दी।
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर डाक बंगला के सामने स्थित देवी स्थान परिसर में पिछले कई दिनों से दर्जनों बाहरी लोग महिला एवं बच्चों के साथ डेरा डालकर रह रहे थे। स्थानीय नागरिकों ने इसकी शिकायत जीयनपुर कोतवाली प्रभारी विनय कुमार सिंह से की थी। शिकायत में धार्मिक स्थल पर मांसाहार बनाने और अन्य आपत्तिजनक गतिविधियों का भी आरोप लगाया गया था।
सूचना मिलने पर कोतवाल विनय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस के अनुसार, वहां रह रहे कई लोग अपनी पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने उन्हें तत्काल स्थल खाली करने के निर्देश दिए और क्षेत्र में अवैध रूप से निवास करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। बताया जाता है कि कुछ समय पूर्व मुख्य राजस्व अधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विवादित भूमि को जीयनपुर नगर पंचायत को सुपुर्द किया गया था। इसके बावजूद वहां अस्थायी रूप से डेरा डालकर लोग रह रहे थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्थल को खाली कराया।




