“लालगंज को रेल से जोड़ो” के नारे के साथ मशाल मशाल जुलूस…..
लालगंज, आजमगढ़। वाराणसी से डोभी, देवगांव, लालगंज, मोहम्मदपुर, रानी की सराय और आजमगढ़ होते हुए गोरखपुर तक रेलवे लाइन निर्माण की मांग को लेकर चल रहे जन आंदोलन के तहत शुक्रवार शाम देवगांव बाजार में मशाल जुलूस निकाला गया। रेल पथ निर्माण संघर्ष समिति के संयोजक राजेश शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित इस जुलूस में क्षेत्र के नौजवानों, व्यापारियों, किसानों, छात्रों, अधिवक्ताओं, ग्राम प्रधानों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
मशाल जुलूस देवगांव बाजार के दक्षिणी छोर स्थित सहिमल पोखरा से शुरू होकर उत्तरी छोर ज्यूली मोड़ तक पहुंचा। हाथों में स्टील की बड़ी मशालें लिए लोग “लालगंज को रेल से जोड़ो” के नारे लगाते हुए पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़े। जुलूस के समापन पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि वाराणसी-गोरखपुर रेल परियोजना को लालगंज के बजाय मेहनगर की ओर स्थानांतरित कर दिया गया है, जबकि सरकारी अभिलेखों में इसका नाम लालगंज रेलवे लाइन दर्ज है। उन्होंने इसे क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय बताते हुए रेलवे लाइन को लालगंज से जोड़ने की मांग दोहराई।सभा में संतोष राय ने कहा कि मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा। रामचंद्र राम ने रेलवे लाइन निर्माण के लिए हर स्तर पर आंदोलन जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया। रमेश यादव ने कहा कि राजेश शुक्ला के नेतृत्व में यह आंदोलन सफलता की ओर बढ़ रहा है। वहीं मुजम्मिल ने भी लालगंज को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की जोरदार मांग उठाई।
जुलूस को स्थानीय व्यापारियों का भी समर्थन मिला। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान पूर्व महाप्रधान उदयभान राजभर, पूर्व ग्राम प्रधान अजय सिंह, पारस यादव, सोनू तिवारी, राजेश सिंह, मंटू सिंह, आनंद सिंह, अशोक गुप्ता, अजय शर्मा, संजय शुक्ला, इरफान अहमद, सुनील गुप्ता, विद्युत चौरसिया, अवधेश सेठ, गोरख गुप्ता, अखिलेश सोनी, काजू यादव, पवन यादव, काशीफ भाई, मिट्ठू भाई, धर्मराज सिंह, इंद्रेश मिश्रा, राजेंद्र तिवारी, राजेश सरोज समेत क्षेत्र के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।





