NEET पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में जमीन पर उतरी सोशल मीडिया से जन्मी पार्टी…..
नई दिल्ली, 6 जून। राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में शनिवार को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने किया। आंदोलनकारियों ने NEET-UG, CUET और CBSE जैसी परीक्षाओं में कथित धांधली के मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने कहा कि यदि शिक्षा मंत्री शाम 5 बजे तक इस्तीफा नहीं देते हैं तो देशभर में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 13 जून को जंतर-मंतर पर दोबारा प्रदर्शन किया जाएगा।

आंदोलन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए। उनके साथ CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका भी मौजूद रहे, जिन्होंने छात्रों की मांगों का समर्थन किया। बताया गया कि अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे और सीधे जंतर-मंतर पहुंचे। वे अपने साथ भारतीय संविधान की प्रति और डॉ. भीमराव आंबेडकर की आत्मकथा लेकर आए थे।

प्रदर्शन की खास बात यह रही कि कई छात्र कॉकरोच के मास्क पहनकर पहुंचे और हाथों में फूल तथा संविधान की प्रतियां लेकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने गांधीवादी तरीके से दिल्ली पुलिस के जवानों को गुलाब के फूल भी भेंट किए।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस के व्यापक इंतजाम किए गए थे। इस दौरान एक व्यक्ति के कथित तौर पर कॉकरोच स्प्रे लेकर प्रदर्शन स्थल पहुंचने से कुछ समय के लिए अफरातफरी की स्थिति बनी। वहीं, माहौल बिगाड़ने की कोशिश के आरोप में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया।

हालांकि प्रदर्शन के लिए शाम 5 बजे तक अनुमति मिली थी, लेकिन अभिजीत दीपके और सोनम वांगचुक दोपहर बाद ही धरना स्थल से रवाना हो गए, जिसके बाद कार्यक्रम समाप्त हो गया। कॉकरोच जनता पार्टी को सोशल मीडिया पर शुरू हुए एक व्यंग्यात्मक अभियान का विस्तार माना जाता है, जिसने हाल के महीनों में युवाओं के बीच एक संगठित आंदोलन का रूप ले लिया है।





