घर में अकेली देख पीड़िता को नियत ख़राब कर छेड़छाड़ करने लगा आरोपी…..
फूलपुर, आजमगढ़। नाबालिग बालिका के साथ छेड़छाड़ एवं लैंगिक अपराध के मामले में वांछित अभियुक्त को फूलपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है, पुलिस के अनुसार 13 जून 2026 को पीड़िता की परिजन द्वारा थाना फूलपुर में तहरीर दी गई थी। आरोप था कि 12 जून को पीड़िता घर पर अकेली थी, तभी गांव निवासी अमन कुमार पुत्र हंसराज उसके घर में घुस गया और गलत नियत से उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
तहरीर के आधार पर थाना फूलपुर में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पीड़िता के बयान, चिकित्सीय परीक्षण तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) की बढ़ोतरी की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी तथा प्रभारी निरीक्षक फूलपुर देवेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। महिला उपनिरीक्षक रानी साहू और उनकी टीम ने 17 जून की रात करीब 9:40 बजे बहाउद्दीनपुर मोड़ के पास से आरोपी अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त अमन कुमार (20 वर्ष) ग्राम कुशहाँ, थाना फूलपुर का निवासी है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद उसे विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में महिला उपनिरीक्षक रानी साहू, महिला कांस्टेबल सपना तिवारी, कांस्टेबल दयाशंकर यादव तथा आरक्षी चालक अमित यादव की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देशानुसार की जाएगी।






